झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/दिनांक 1 अप्रैल 2026 की शाम झाबुआ पुलिस ने एक बार फिर साहस और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक की जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय इंस्टाग्राम यूजर, 25 वर्षीय युवक द्वारा लाइव आकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जा रहा था। इस वीडियो को साइबर सेल द्वारा तुरंत डिटेक्ट किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री शिव दयाल सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युवक को सुरक्षित बचाने के निर्देश दिए और तुरंत कार्ययोजना तैयार की गई।
कंट्रोल रूम से एक विशेष टीम युवक को बातचीत में उलझाए रखने में लगी रही, ताकि समय मिल सके। इसी दौरान अलग-अलग दिशाओं से पुलिस की टीमें चुपचाप युवक के घर की ओर रवाना की गईं।
इससे पहले कि युवक कोई गंभीर कदम उठाता, पुलिस मौके पर पहुँच गई और उसे समझाइश देकर सुरक्षित स्थान पर ले आई। इसके बाद युवक की काउंसलिंग की गई तथा उसके परिजनों को भी समझाया गया।
इस त्वरित और सराहनीय कार्यवाही के चलते एक युवक की जान बचाई जा सकी। इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 10,000 रुपये के नगद इनाम की घोषणा की गई है।


