घंसौर (सिवनी)/मनोज नामदेव/खबर डिजिटल/ सिवनी जिले के घंसौर में एक बार फिर तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी ने बड़ा हादसा करा दिया। डीजल से भरा एक कैम्पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही भैंसों से जा टकराया, जिससे एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घंसौर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा–तफरी का माहौल बन गया।
पेट्रोल-डीजल का अवैध परिवहन
चौंकाने वाली बात यह है कि इन दिनों घंसौर क्षेत्र में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। नियम स्पष्ट हैं कि ज्वलनशील पदार्थ—जैसे पेट्रोल, डीजल और गैस के परिवहन के लिए वैध अनुज्ञप्ति (परमिट) आवश्यक होती है, और तय समय-सीमा में निर्धारित स्थान तक ही आपूर्ति की अनुमति होती है। लेकिन जिस तरह डीजल से भरा कैम्पर वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ता मिला और यह हादसा हुआ, उससे साफ संकेत मिलते हैं कि क्षेत्र में शासन द्वारा तय सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि अवैध ईंधन परिवहन पर लगाम लगाने में स्थानीय प्रशासन और पुलिस आखिर कब सख्ती दिखाएगी
हादसा ने एक चेतावनी
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि एक चेतावनी है, यदि अवैध और असुरक्षित परिवहन पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे दोहराए जाते रहेंगे, जिनकी कीमत आम जनता और बेज़ुबान जानवरों को चुकानी पड़ेगी।


