निवाड़ी/ओरछा(मध्यप्रदेश)। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी ओरछा के समग्र और योजनाबद्ध विकास को अब नई गति मिलने वाली है। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा ओरछा के नियोजन (Planning) की जिम्मेदारी हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हुड़को) को सौंपी गई है। इसी सिलसिले में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए हुड़को के सीएमडी संजय कुलश्रेष्ठ ने ओरछा का विस्तृत दौरा किया।
यह भी पढें-55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम
पर्यटन और आधुनिक सुविधाओं का होगा संगम उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने “अर्बन इन्वेस्ट विंडो” के अंतर्गत प्रदेश के जिन प्रमुख क्षेत्रों को विकास के लिए चिन्हित किया है, उनमें ओरछा प्रमुखता से शामिल है। निरीक्षण के दौरान श्री कुलश्रेष्ठ ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ओरछा को पर्यटन, मजबूत आधारभूत संरचना और आधुनिक नगरीय सुविधाओं के माध्यम से एक ‘आदर्श नगर’ के रूप में स्थापित करना है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन अपने प्रवास के दौरान सीएमडी कुलश्रेष्ठ ने पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों और सलाहकारों से वर्तमान में चल रहे और भविष्य के प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स पर विस्तृत चर्चा की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी पटेरिया ने नगरीय निकाय की प्राथमिकताओं से अवगत कराया।
यह भी पढें-सोने-चांदी के दामों में आई तेजी या पड़ी फीकी, एक मिनट में जानें रेट – Khabar Digital
नगर परिषद अध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपूत ने नगरवासियों की आकांक्षाओं और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को प्रमुखता से रखा। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के तकनीकी अधिकारी कमलेश भटनागर ने बताया कि इस योजना से न केवल शहर का स्वरूप बदलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और भौतिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
दौरे के समय हुड़को की ओर से सुश्री तृप्ति और धर्म प्रकाश खुशलानी मौजूद रहे। नगर परिषद के उपयंत्री सूरज गर्ग, दीपक विश्वकर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे ।इस उच्च स्तरीय दौरे के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि ओरछा के विकास कार्यों में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय रोजगार और पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढें-मोहन सरकार बनाने जा रही नए निगम मंडल, लिया बड़ा फैसला


