रायसेन/नसीम अली/खबर डिजिटल/ रायसेन जिले में गुरुवार दोपहर एक लोडिंग ऑटो और वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह हादसा गैरतगंज थाना क्षेत्र के बूढ़ागंज चादोनी में हुआ। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडिंग ऑटो सड़क पर पलट गया, जबकि मारुति वैन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाया।
घायलों का इलाज जारी
मारुति वैन में सवार चार लोग और लोडिंग ऑटो में सवार दो लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए गैरतगंज के सिविल अस्पताल पहुंचाया। दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गैरतगंज थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि वैन में देवनगर का एक मुस्लिम परिवार सवार था, जबकि लोडिंग ऑटो का चालक भी घायल हुआ है।
तेज रफ्तार बनी दुश्मन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गाड़ियों की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। सभी घायलों का गैरतगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


