झाबुआ, नावेद रजा। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केशव इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ की छात्राओं ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह को राखी बांधी और उनके स्वस्थ, सुखमय जीवन की कामना की।
छात्राओं ने इस अवसर पर पुलिस विभाग की निस्वार्थ सेवा और जन-सुरक्षा के कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्हें समाज का सच्चा रक्षक बताया।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, डीएसपी कमलेश शर्मा, डीएसपी गिरीश कुमार जेजुरकर, रक्षित निरीक्षक अखिलेश राय, स्टेनो रामराज परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को भी बच्चों ने राखी बांधी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास व अपनत्व को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को देशसेवा की प्रेरणा देते हैं।


