राणापुर/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/होनहार छात्रा कु. सीमा भयडिया ने कक्षा 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने 495 अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि जिले का भी नाम गौरवान्वित किया है।
सीमा भयडिया, पिता श्री कांतिलाल भयडिया, शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, राणापुर की छात्रा हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सीमा की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का बड़ा योगदान रहा है। शिक्षकों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
जिला प्रशासन एवं क्षेत्रवासियों ने सीमा भयडिया को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


