बढ़ती ठंड में बच्चों को राहत: कटनी में सुबह 9 बजे से पहले नहीं चलेंगे स्कूल, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
कटनी – जिले में बढ़ती ठंड और तेज़ शीत लहर को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने बड़ी राहत भरा निर्णय लिया है। छात्रों के स्वास्थ्य पर ठंड के प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूल—शासकीय, अशासकीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और नवोदय विद्यालय—को सुबह 9 बजे के बाद संचालित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि केवल विद्यालय के संचालन समय में बदलाव किया गया है। परीक्षाओं का समय पूर्ववत ही रहेगा, उसमें किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
कलेक्टर ने सभी संस्थाओं के प्राचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि नए समय के अनुसार विद्यालय संचालन सुनिश्चित करें और छात्रों की सुरक्षा व स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।


