सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी– नगर निगम में राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। वित्तीय वर्ष खत्म होने में अब केवल 25 दिन शेष हैं, ऐसे में निगमायुक्त ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप वसूली तेज करने के निर्देश दिए हैं।कटनी में नगर निगम की राजस्व वसूली की प्रगति को लेकर निगमायुक्त तपस्या परिहार ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बकायेदारों से रोजाना घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए।निगमायुक्त ने 5 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के बकायेदारों की सूची की समीक्षा करते हुए खासतौर पर बड़े बकायेदारों से सख्ती के साथ वसूली करने के निर्देश दिए। साथ ही जलकर की कम वसूली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जलकर और संपत्ति कर की टीमें संयुक्त रूप से पीओएस मशीन के साथ फील्ड में काम करें, ताकि नागरिक एक ही स्थान पर दोनों कर जमा कर सकें।निगमायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन करदाताओं ने रिमाइंडर और नोटिस के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की है, उनके खिलाफ कुर्की और नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वसूली टीमों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।बैठक में संपदा शाखा, बाजार शाखा और ट्रांसपोर्ट नगर के कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने निगम संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, किराया वसूली और रिक्त दुकानों के आवंटन के जरिए राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई और अतिक्रमण नियंत्रण तथा ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्य समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।नगर निगम ने अब हर वार्ड में विशेष कर वसूली अभियान चलाने की तैयारी कर ली है, ताकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अधिकतम राजस्व संग्रह सुनिश्चित किया जा सके।
राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश, बड़े बकायेदारों पर होगी कुर्की और नल विच्छेदन की कार्रवाई
सम्बंधित ख़बरें


