रीवा/ खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ रीवा से इस वक्त की सनसनीखेज़ खबर… शहर के सबसे व्यस्त इलाके शिल्पी प्लाज़ा में कार सवार युवकों की दबंगई देखने को मिली। मामला इतना खतरनाक था कि आरोपियों ने पुलिसकर्मी पर ही कार चढ़ा दी। गनीमत रही कि जवान की जान बच गई, लेकिन यह घटना रीवा की कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
गुरुवार की देर शाम सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिल्पी प्लाज़ा में फिल्मी स्टाइल की वारदात हुई। सेमरिया थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी में पदस्थ आरक्षक अतुल पांडेय किसी काम से शिल्पी प्लाज़ा आए थे। तभी कार सवार युवकों से उनकी मामूली कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने आरक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद विवाद शांत हुआ और आरक्षक जाने लगे। लेकिन तभी बदले की नीयत से कार सवार युवकों ने आरक्षक पर गाड़ी चढ़ा दी।
CCTV वीडियो देखें – https://www.facebook.com/share/v/19xtkYKnw4
कार की टक्कर से बचने के लिए पुलिसकर्मी बोनट पर उछलकर गिरा, जिसके बाद युवकों ने उसे बोनट पर ही कई मीटर तक घसीट लिया। इस खतरनाक वारदात का पूरा वीडियो पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों ध्रुव श्रीवास्तव और आदित्य केशरवानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कार एमपी 17 ZN 7788 नंबर की है, जो संध्या मेडिकल स्टोर संचालक राकेश कुमार खंडेलवाल के नाम पर रजिस्टर्ड है।
कार सवार युवकों की यह दबंगई न सिर्फ चौंकाने वाली है, बल्कि यह साफ करता है कि शहर में अपराधियों को कानून का कोई खौफ नहीं है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी सख्त कार्रवाई करती है।
रीवा, सीएसपी ऋतु उपाध्याय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है। आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


