रीवा/अरविंद तिवारी/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के रीवा शहर में राशन कार्ड और गरीबी रेखा सूची को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चिकान टोला वार्ड क्रमांक 30 में महिला पार्षद रुकसाना अंसारी और उनके परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गरीबी रेखा की सूची पर बवाल
जानकारी के मुताबिक महिला पार्षद रुकसाना अंसारी और मोहल्ले के कुछ लोगों के बीच गरीबी रेखा सूची और राशन कार्ड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को इसी पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने अचानक पार्षद और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान बेसबॉल के डंडों, लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई, जिसमें पार्षद सहित करीब छह लोग घायल हो गए।
महिला पार्षद की शिकायत पर मामला दर्ज
पार्षद रुकसाना अंसारी का आरोप है कि पाले खान, अनवरूल हक, अनस अंसारी, रहबर अंसारी और रहीस अंसारी ने मिलकर हमला किया। बताया जा रहा है कि गरीबी रेखा सूची से नाम कटने की रंजिश को लेकर यह विवाद बढ़ा। पुलिस ने महिला पार्षद की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरा पक्ष भी शिकायत लेकर थाने पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


