रीवा/ अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल/ रीवा जिले के सिरमौर जनपद के उमरी में खाद वितरण के दौरान भगदड़ मच गई। मंगलवार को निजी महाविद्यालय परिसर में खाद और टोकन लेने पहुंचे किसानों की भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई। भगदड़ में आधा दर्जन महिलाएं और पुरुष गिरकर घायल हो गए। दरअसल किसानों को टोकन और खाद अलग-अलग स्थान से दिया जाना था, लेकिन भ्रम की स्थिति के चलते भीड़ पहले दिन वाले स्थान पर उमड़ पड़ी।
गेट देर तक बंद रहा और जब अचानक खोला गया तो पहले टोकन पाने की होड़ में अफरातफरी मच गई। भगदड़ में कई किसान घायल हुए, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। घायलों को सिरमौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल ने हालात को काबू में कर किसानों को समझाइश दी और खाद वितरण की व्यवस्था दुरुस्त की। खाद वितरण को लेकर यह पहली बार नहीं जब भीड़ ने अफरातफरी का रूप लिया हो। सवाल यह है कि हर साल दोहराई जाने वाली इस समस्या से निजात कब मिलेगी?


