रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी। मध्यप्रदेश MP में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से ऐसे कई मामले आये जिसमें प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा फेल साबित हो रहा है। अभी बीते शनिवार को छतरपुर में एक महिला को एंबुलेंस ना मिलने से महिला के पति ने हाथ ठेले पर बैठक महिला को अस्पताल पहुंचाया और फिर अस्पताल ने कहा कि सुबह आना।
वहीं अब दूसरा मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रेही ग्राम पंचायत के दत्तूपुर गांव से सामने आया है। यहां बीमार महिला को समय पर एम्बुलेंस न मिलने पर ग्रामीणों ने खुद ही महिला को चद्दर में लपेटा और दोनों ओर डंडे बाँधकर 5 किलोमीटर तक पैदल चलकर अस्पताल पहुँचाया। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया गया, लेकिन वाहन समय पर गांव नहीं पहुँचा। मजबूरी में ग्रामीणों को यह कदम उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह चरमराई हुई हैं। एम्बुलेंस सेवा समय पर न मिलने से लोगों को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और प्रशासन की उदासीनता को उजागर कर दिया है।


