रीवा/ अरविन्द तिवारी/ खबर डिजिटल। रीवा संभाग में कांग्रेस से जुड़े ब्राह्मण नेताओं की नाराज़गी अब खुलकर सामने आने लगी है। रविवार को समदड़िया गोल्ड पैलेस में आयोजित बैठक में रीवा, सतना, सीधी, मऊगंज, मैहर और सिंगरौली ज़िलों से करीब 140 नेता जुटे। नेताओं ने संगठन और टिकट वितरण में ब्राह्मण समाज की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया।
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की मज़बूती में ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन लंबे समय से संगठनात्मक पदों और विधानसभा टिकटों में हिस्सेदारी नहीं दी जा रही। इसको लेकर समाज ने “जितनी जनसंख्या उतनी भागीदारी” की मांग उठाई और चेतावनी दी कि अब समाज अपने अधिकार के लिए खुद नेतृत्व करेगा।
बैठक में आगामी समय में बड़े सम्मेलन आयोजित कर शीर्ष नेतृत्व तक यह संदेश पहुँचाने का फैसला भी किया गया। हालांकि मीडिया से बातचीत में इसे सामाजिक बैठक बताया गया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के लिए बड़ा असंतोष माना जा रहा है।


