P?c1=2&c2=41463588&cv=3.9
Friday, April 17, 2026
No menu items!
spot_img
Homeमध्यप्रदेशसोन नदी में तैरता मिला रस्सियों से बंधा शव, वीडियो वायरल होने...

सोन नदी में तैरता मिला रस्सियों से बंधा शव, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

बोरे में भरकर नदी में फेंका गया अज्ञात शव, सीधी पुलिस ने शुरू की शिनाख्त

बृजेश पाण्डेय/ खबर डिजिटल/सीधी/ मध्य प्रदेश के सीधी जिले में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सोन नदी के गऊघाट के बीचों-बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ पाया गया। शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।

​नदी के बीच रस्सियों से बंधा मिला शव जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर को पहले कपड़ों में लपेटा गया, फिर बोरे में भरकर मोटी रस्सियों से बड़ी बेरहमी से जकड़ा गया था। सुबह करीब 9 बजे देवघटा गांव के निवासी अभिलाष साकेत ने नदी में किसी संदिग्ध वस्तु को तैरते देखा। जब उन्होंने करीब जाकर मुआयना किया, तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। बोरे के भीतर से मानव शरीर के अंग दिखाई दे रहे थे, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

​पुलिस की मशक्कत और ग्रामीणों का जमावड़ा सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। नदी के बीच फंसी लाश को बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे ही शव किनारे लाया गया, वहां मौजूद ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी राहगीर ने इस खौफनाक मंजर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरे जिले में इस घटना की चर्चा होने लगी।

​जांच में जुटी पुलिस और पोस्टमार्टम का इंतजार कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, शव को जिस तरह से बांधकर फेंका गया है, वह मामला पूरी तरह संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या कब और किस तरह की गई है। फिलहाल पुलिस जिले और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

​रंजिश या साजिश? चर्चाओं का बाजार गर्म ग्रामीणों के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर नदी में प्रवाहित किया गया है। स्थानीय लोग इसे किसी पुरानी रंजिश या सोची-समझी साजिश का परिणाम मान रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

लेटेस्ट