उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ दिनांक 13 दिसंबर 2025 को गाड़ी संख्या 12975 चेन्नई–जयपुर एक्सप्रेस में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) उज्जैन ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का सराहनीय परिचय दिया। रेल मदद के माध्यम से मिली सूचना पर आरपीएफ उप निरीक्षक शिव सिंह बघेल एवं कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने ड्यूटी गश्त के दौरान ट्रेन के A1 एवं A2 कोच में दो बड़े ट्रॉली बैग लावारिस हालत में पाए।
बैग में मिला कीमती सामान
जांच के दौरान बैग से 2 सोने की चेन, 7 जोड़ी सोने की ईयर रिंग, 1 नीलम जड़ित सोने की अंगूठी, 1 चांदी की मोटी अंगूठी, 2 मोती की माला, शादी के लिए खरीदी गई महंगी साड़ियां, कपड़े एवं अन्य कीमती उपहार सामग्री मिली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8.25 लाख रुपये आंकी गई।
सामान यात्री के किया सुपुर्द
सीट नंबर और पिछले स्टेशनों पर जांच के बाद पता चला कि बैग नागपुर में शादी समारोह में जा रही महिला यात्री अर्चना जॉर्ज के हैं, जो गलती से ट्रेन में छूट गए थे। इंदौर पहुंचे महिला के परिजनों की पहचान एवं सत्यापन के बाद पूरा सामान यात्री को सुपुर्द किया गया।
जवानों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा
इस सराहनीय कार्य के लिए दोनों आरपीएफ जवानों को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की गई है, ताकि अन्य जवानों को भी प्रोत्साहित किया जा सके और यात्रियों को उचित सुविधा मिल सके।


