सरपंच पत्नी से दुष्कर्म और मारपीट, आरोपी ने घर में घुसकर की दरिंदगी
कटनी – कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सरपंच पत्नी ने गाँव के ही एक युवक पर बलात्कार, शारीरिक चोट पहुँचाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (SP) को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
घटना का विवरण
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, घटना 30 दिसंबर 2025 (मंगलवार) की है। महिला जब अपने सड़क किनारे बने मकान पर चावल की बोरी लेने गई थी, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपी नितेश रैकवार उर्फ पप्पू बर्मन (उम्र 25 वर्ष) ने मकान के अंदर घुसकर उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी।
आरोप है कि नितेश ने महिला को जबरन जमीन पर पटक दिया और उसके साथ बलात्कार (गलत कृत्य) किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की, जिससे उसकी जांघ और दोनों कलाइयों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस पर भी उठाए सवाल
शिकायत पत्र में महिला ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने अपनी सुरक्षा के लिए 112 नंबर पर डायल किया था। पुलिस आई तो सही, लेकिन वह पीड़िता तक नहीं पहुँच पाई। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसी रात 10 बजे पीड़िता के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और दो मोटरसाइकिलें तोड़ दीं।
जान बचाकर पहुँची एसपी कार्यालय
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी हथियार लेकर रास्ते में तैनात था ताकि वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने न जा सके। आरोपी के डर और दबाव के कारण महिला 1 जनवरी 2026 की रात करीब 3 बजे खेतों के रास्ते छिपते-छिपाते जिला मुख्यालय पहुँची और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपनी आपबीती सुनाई।


