भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ सतना के ‘थप्पड़ कांड’ की गूंज अब एमपी की सियासत में सुनाई देने लगी है। सतना से लेकर भोपाल तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। BJP सांसद गणेश सिंह के निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने का वीडियो आने के बाद अब कांग्रेस मैदान में है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने थाने में धरना दिया और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएसपी को फोन पर एफआईआर दर्ज न होने पर 50 हजार समर्थकों के साथ पहुंचने की चेतावनी दी।
पीड़ित कर्मचारी के पक्ष में कांग्रेस
सतना के कोलगंवा थाने में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने पीड़ित निगम कर्मचारी के समर्थन में धरना शुरू किया। धरने के दौरान ही कांग्रेस विधायक ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को फोन लगाया और सीएसपी से बात कराई। थाने के अंदर माहौल तनावपूर्ण हो गया जब पटवारी ने फोन पर पुलिस अधिकारी से सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वह दो घंटे में 50 हजार समर्थकों के साथ वहां पहुंचेंगे।
निष्पक्ष जांच का किया वादा
सीएसपी डीपीएस चौहान ने पीसीसी चीफ से चर्चा के बाद स्पष्ट कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी। उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई होगी। चौहान ने याद दिलाया कि 2018 से 2023 के बीच जब सिद्धार्थ कुशवाहा विधायक थे, तब उनके खिलाफ भी मोबाइल तोड़ने की शिकायत आई थी, जिस पर भी जांच की गई थी। उन्होंने कहा कि हर मामले में पुलिस कानून के अनुसार ही निर्णय लेगी।
कांग्रेस विधायक ने किया धरना समाप्त
सीएसपी के निष्पक्ष जांच का भरोसा देने के बाद विधायक ने धरना समाप्त किया, लेकिन अब यह मामला अब सिर्फ एक थप्पड़ तक सीमित नहीं रह गया। आने वाले वक्त में विंध्य की सियासत में गर्माहट लाने के लिए मुद्दा गरमाएगा जरुर, क्योंकि अब दोनों ही दलों के बीच सियासी तलवारें खींचने की पूरी संभावना है।


