कान्हीवाड़ा/खबर डिजिटल/संतोष वन्देवार/कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 माह के मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम की पहचान मोहम्मद हमदान (13 माह), पिता मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर के सामने सड़क किनारे स्थित नाली के पास खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक 407 मालवाहक वाहन का चालक लगभग आधा किलोमीटर तक वाहन को रिवर्स कर रहा था। इसी दौरान वाहन की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कान्हीवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर 407 वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कान्हीवाड़ा भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
