सिवनी/ विशाल भारद्वाज/ खबर डिजिटल/ 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जब पूरा देश तिरंगे की शान में उत्सव मना रहा था, उसी दौरान सिवनी जिले से मानवता और साहस की एक प्रेरणादायक घटना सामने आई, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
ध्वजारोहण के बाद बिगड़ी तबीयत
मामला छपरा नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 2, सुभाष वार्ड का है। गणतंत्र दिवस का ध्वजारोहण कार्यक्रम अभी संपन्न ही हुआ था कि वहां मौजूद बुजुर्ग मुनीलाल उइके की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। कुछ पल के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
नगर परिषद कर्मचारी की सूझबूझ
इसी बीच नगर परिषद के सह वार्ड प्रभारी प्रदीप उइके ने बिना समय गंवाए स्थिति को संभाला। उन्होंने तुरंत बुजुर्ग के पास पहुंचकर प्राथमिक उपचार के रूप में CPR (सीना दबाकर कृत्रिम सांस) देना शुरू किया। प्रदीप की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से कुछ ही पलों में बुजुर्ग की सांसें वापस लौट आईं।
अस्पताल पहुंचाया गया बुजुर्ग
इसके बाद वार्ड पार्षद दिनेश उइके और प्रभारी गणेश झरिया ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है और हालत में सुधार बताया जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के दिन प्रदीप उइके द्वारा दिखाया गया सेवा भाव और मानवता अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग उन्हें सच्चा देवदूत बता रहे हैं।


