सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के बीसावाड़ी स्थित शासकीय हाईस्कूल में साइकिल स्टैंड के निर्माण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। छात्रों की सुविधा के लिए बनाए गए टीन शेड साइकिल स्टैंड को बिजली के पोल के बिल्कुल पास खड़ा कर दिया गया है, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। जानकारी के अनुसार शासन द्वारा हाईस्कूलों में छात्रों के लिए टीन शेड युक्त साइकिल स्टैंड बनाने के लिए राशि जारी की गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संबंधित संस्था और ठेकेदार को दी गई है, लेकिन कई स्थानों पर इस निर्माण में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं।
बड़ा हादसा होने की आशंका
इसी क्रम में शासकीय हाईस्कूल बीसावाड़ी में साइकिल स्टैंड का निर्माण इस तरह किया गया है कि वह बिजली के पोल के बिल्कुल बीच में आ गया है। निर्माण एजेंसी और ठेकेदार की इस लापरवाही से भविष्य में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल परिसर में इस तरह का निर्माण कार्य बेहद खतरनाक है। बिजली पोल के इतने पास साइकिल स्टैंड बनाए जाने से करंट फैलने या अन्य दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे छात्रों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
नोटिस जारी कर कार्रवाई की बात
मामले की जानकारी जब विद्युत विभाग को दी गई, तो मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के संबंधित अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है। अब यह देखना होगा कि बिजली विभाग पोल को दूसरी जगह शिफ्ट करता है या फिर साइकिल स्टैंड को हटाकर सुरक्षित स्थान पर बनाया जाएगा।
टिप्पणी करने से किया इंकार
जिला शिक्षा अधिकारी से जिले में बन रहे टीन शेड युक्त साइकिल स्टैंड के निर्माण को लेकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मांग की है कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।


