शहडोल/कमलेश दाहिया/खबर डिजिटल/ जिले के जुगतावरी ग्राम पंचायत में महिला पटवारी के ऊपर किसान के द्वारा कुल्हाड़ी से हमला करने के प्रयास का मामला सामने आया है। दरअसल पटवारी धान का सर्वे करने गई थी, तभी हमला करने का प्रयास किया गया। पटवारी करुणा पाण्डेय की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्जकर आरोपी किसान को गिरफ्तार कर किया है। वहीं दूसरी ओर कुछ किसानों का आरोप है कि किसी तरह का कोई हमला का प्रयास नहीं हुआ है, पटवारी द्वारा भेदभाव पूर्ण सोयाबीन फसल का मुआवजा बनाने और धान कि फसल दर्ज नहीं करने की शिकायत करने पर झूठा मामला दर्ज कराया गया है।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
आरोपी किसान के भाई का आरोप है कि पटवारी द्वारा बारिश के दौरान हुई सोयाबीन फसल नुकसान का मुआवजा कम बनाया गया था, साथ ही धान की फसल की गिरदावली नहीं की गई। इसी कारण किसान के साथ-साथ अन्य ग्रामीण भी नाराज है। बताया जा रहा कि भेदभावपूर्ण तरीके से मुआवजा बनाया गया है। साथ ही अपनी समस्या को लेकर किसान ने सीएम हेल्पलाइन 181 में शिकायत भी दर्ज कराई है।
पटवारी ने कोतवाली थाने में की शिकायत
पटवारी द्वारा कोतवाली में शिकायत की गई है और मामले को लेकर पटवारी संघ ने विरोध प्रदर्शन कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। वहीं पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपी किसान को गिरफ्तार कर लिया है।


