शाजापुर/कमल सूर्यवंशी/खबर डिजिटल/ जिले में शिक्षा विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटर कर्मचारियों ने मंगलवार दोपहर कलेक्टर के नाम शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर माह का वेतन अब तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
दैनिक जरूरतों में हो रही परेशानी
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन न मिलने के कारण घर खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई, पेट्रोल-डीजल तथा रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारी कर्ज लेकर परिवार का पालन-पोषण करने को मजबूर हैं।
शासन निर्देशों की अनदेखी का आरोप
ज्ञापन में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रत्येक माह की 5 से 7 तारीख तक वेतन मिल जाना चाहिए, लेकिन शाजापुर जिले में इन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से बजट जारी होने के बावजूद जिला स्तर पर उपस्थिति संकलन और वेतन बिल भेजने में लापरवाही बरती जा रही है।
संविलियन की भी रखी मांग
कर्मचारियों ने कुशल श्रमिक से उच्च कुशल श्रमिक में संविलियन की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि उज्जैन जिले में इस संबंध में अनुशंसा हो चुकी है। कर्मचारियों ने प्रशासन से शीघ्र वेतन भुगतान और संविलियन प्रक्रिया पूर्ण करने की मांग की है।


