शिवपुरी/अनुज बालोटिया/खबर डिजिटल/ जिले के कोलारस क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई उस वायरल वीडियो के बाद की गई, जो दिनभर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहा और लोगों में आक्रोश का कारण बना।
कन्या विद्यालय से लौट रही छात्राओं को किया परेशान
घटना उस समय की है जब कन्या विद्यालय से छुट्टी के बाद छात्राएं अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक मनचले युवक ने दिनदहाड़े छात्राओं को परेशान किया। पूरी घटना का वीडियो किसी राहगीर द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
धर्मशाला हनुमान मंदिर के पास की घटना
यह घटना कोलारस क्षेत्र में धर्मशाला हनुमान मंदिर के पास मुख्य मार्ग की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी युवक के हाथ में प्रतिबंधित ‘पुटास गन’ (पटाखा गन) थी, जिसे वह छात्राओं के बेहद पास फोड़ रहा था। अचानक हुए तेज धमाकों से छात्राएं घबरा गईं और सहमी नजर आईं।
जनआक्रोश के बाद पुलिस हरकत में
दिन के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की हरकत से स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
महिला सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है, ताकि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और मनचलों के हौसले पस्त हों।


