सीधी/बृजेश पाण्डेय/खबर डिजिटल/ सीधी जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत सिहावल चौकी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। सिहावल चौकी प्रभारी अजीत पांडेय की सरकारी वाहन से एक बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पुलिस की तत्परता और मानवीय रवैये की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
कार को ओवरटेक करने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे चौकी प्रभारी अजीत पांडेय अपनी कार से अमिलिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार ने जल्दबाजी में आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चौकी प्रभारी की कार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी।
महिला के सिर में गंभीर आई चोट
घायल महिला की पहचान पूजा रावत निवासी ग्राम बल्हया के रूप में हुई है। गिरने के दौरान महिला के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद चौकी प्रभारी अजीत पांडेय ने बिना समय गंवाए डायल 112 को सूचना दी और स्वयं मौके पर राहत कार्य में जुट गए।
महिला की हालत फिलहाल स्थिर
पुलिस की मदद से घायल महिला को तत्काल सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन सिर में चोट होने के कारण उसे निगरानी में रखा गया है।


