खबर डिजिटल. अंकित झारिया.उमरियापान: ढीमरखेड़ा पुलिस थाना की सिलौड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के अतरसूमा में सोमवार सुबह खेत के पास आम के पेड़ के नीचे संदिग्ध हाल में एक प्रौढ़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अतरसूमा निवासी मुकेश पिता मचलेश्वर चम्पुरिया के रूप में हुई है।
चौकी प्रभारी विष्णु शंकर जायसवाल ने बताया कि मुकेश रविवार रात लगभग साढ़े 11 बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात भर वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने खेत के पास पेड़ के नीचे शव देखा और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे व सिलौड़ी चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया गया। शव का पंचनामा कराकर उसे उमरियापान अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच आरम्भ कर दी है।
अधिकारियों ने कहा कि मृतक के पैरों पर हल्की चोट के निशान और नाक पर हल्का सा छीला हुआ निशान देखा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक रात करीब 12 बजे एक ढाबे पर भी दिखाई दिया था, पर घटना कब और कैसे हुई यह अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस हर पहलू पर विस्तृत जांच कर रही है।


