राणापुर/नावेद रजा/खबर डिजिटल/राणापुर तहसील परिसर के बाहर आवेदन तैयार करने के नाम पर आम नागरिक से ₹700 की अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत तहसील प्रशासन से की।
मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार श्री हुकुमसिंह निंगवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित दुकानदार को तहसील कार्यालय तलब किया और पीड़ित आवेदक को पूरी राशि वापस दिलवाई। तहसीलदार की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
आम नागरिकों को भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तहसील परिसर में ही लोक सेवा केंद्र के अधिकृत कर्मी को बैठाया गया है। तहसील प्रशासन द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में स्पष्ट किया गया है कि अब सभी प्रकार के आवेदन केवल यहीं से बनाए जाएंगे, जिसके लिए ₹30 सेवा शुल्क एवं शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा।(साथ संलग्न होने वाले दस्तावेजो की फोटोकापी एवं लेखन शुल्क पृथक से रहेगा)
प्रशासन के इस कदम से क्षेत्र के नागरिकों में संतोष और विश्वास का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे आवेदन के नाम पर होने वाली मनमानी और लूट पर रोक लगेगी।
तहसील प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग करता है तो इसकी तत्काल शिकायत तहसीलदार या एसडीएम कार्यालय में दर्ज कराएं।


