सफाई कार्य हेतु की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा कर उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश
सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी करने वालों पर करें चालानी कार्यवाही – उपायुक्त श्री गुप्ता
कटनी — दीपावली पर्व के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता ने सफाई कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि पर्वों के समय शहर की दैनिक सफाई, कचरा उठाव एवं उचित निपटान के लिए पूर्व निर्धारित कार्य योजना के अनुसार कार्य किया जाए। सभी प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, देवालयों, बस स्टैंडों और आश्रय स्थलों पर विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य मार्गों के डिवाइडरों की दोनों ओर सफाई व धुलाई कर उन्हें स्वच्छ बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाए। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी दी जाए और सुधार न करने पर चालानी कार्यवाही की जाए। आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाने की दिशा में भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक एवं सभी वार्ड दारोगा उपस्थित रहे।
सफाई कार्य हेतु की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा कर उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश
सम्बंधित ख़बरें


