कटनी/ खबर डिजिटल/ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दो माह पूर्व हुए चर्चित आगजनी कांड की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम त्रिपाठी को अयोध्या से गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया था, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद भी आगजनी के कारणों और साजिश से जुड़े सवालों के जवाब नहीं मिल सके हैं। बुधवार को तीन दिन की रिमांड अवधि समाप्त होने पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां माधवनगर पुलिस ने दो दिन की अतिरिक्त रिमांड की मांग की, मगर न्यायालय ने केवल एक दिन की रिमांड स्वीकृत की है।
26-27 अगस्त की रात हाउसिंग बोर्ड निवासी नाजिम खान के घर में हुई आगजनी की घटना के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है। बताया जाता है कि आग लगने के बाद से आरोपी शुभम करीब दो माह तक फरार रहा और लगातार ठिकाने बदलता रहा। आर्थिक रूप से कमजोर आरोपियों के पास फरारी के दौरान संसाधन कहां से आए, यह भी जांच का विषय है।पुलिस की गोपनीय जांच और रहस्य बरकरार रहने से पीड़ित पक्ष असंतुष्ट बताया जा रहा है।
चर्चा है कि नाजिम खान जल्द ही मीडिया के माध्यम से अपनी बात सार्वजनिक कर सकते हैं और संभवतः पुलिस जांच पर असंतोष जताते हुए हाईकोर्ट की शरण भी ले सकते हैं।


