गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ जनपद पंचायत में पदस्थ स्वच्छ भारत मिशन के बीसी बलिराम शाक्यवार द्वारा गोवर्धन पूजा को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में यादव समाज ने बड़ा आंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। समाज के लोगों ने कहा है कि जब तक बलिराम शाक्यवार को नौकरी से बर्खास्त कर उसके खिलाफ FIR दर्ज नहीं की जाती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
‘दिमाग में किसके गोबर भरा’ अभियान
जानकारी के अनुसार, बलिराम शाक्यवार ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर विवादित टिप्पणी लिखी – ‘जिसके दिमाग में गोबर भरा है वही गोवर्धन को पूजते हैं।’ इस बयान के सामने आने के बाद से हिंदू समाज में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है, इस कर्मचारी ने धर्म पर आपत्तिजनक टिप्पणी की हो। इससे पहले भी वह कई बार इस तरह के बयान दे चुका है।
यादव समाज ने संभाला मोर्चा
यादव समाज ने घोषणा की है कि कल राघौगढ़ जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस मामले में कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


