उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ उमरिया जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 19 स्थित बनिया तालाब के पास हजारों आधार कार्ड संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आधार कार्ड जब्त कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बनिया तालाब के किनारे बड़ी संख्या में आधार कार्ड पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल सभी कार्डों को कब्जे में लेकर उनकी जांच प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने की पूछताछ
पुलिस द्वारा जिन लोगों के आधार कार्ड बरामद हुए हैं, उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में आधार कार्ड यहां कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचे। जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह या आपराधिक साजिश तो नहीं है।
अधिकारियों ने दी जानकारी
अनुविभागीय अधिकारी पुन्नू सिंह ने बताया कि बरामद आधार कार्डों की कई एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला लापरवाही का है या किसी आपराधिक मंशा से जुड़ा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है।
चर्चा का विषय बनी घटना
यह घटना पूरे मध्य प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का आधार कार्ड गुम हुआ है तो तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें, ताकि जांच में सहयोग मिल सके।फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


