खातेगांव(देवास)/धर्मेंद्र योगी/खबर डिजिटल/ कन्नौद थाना क्षेत्र के इंदौर- बैतूल रोड स्थित ग्राम बरवईखेड़ा टोल प्लाजा पर सोमवार शाम करीब 7:30 बजे दबंगों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी। टोल शुल्क मांगने पर वाहन सवारों ने टोल सुपरवाइजर के साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
टोल न देने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन टोल प्लाजा पर पहुंचा, जहां चालक ने टोल देने से इनकार कर जबरन बैरियर हटाने की कोशिश की। ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजर ने जब नियमों के तहत वाहन रोकने का प्रयास किया, तो चालक और उसके साथी अभद्रता पर उतर आए।
लकड़ी से हमला, कर्मचारी घायल
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने वाहन से लकड़ी निकालकर सुपरवाइजर पर हमला कर दिया। हमले में उसके बाएं हाथ की कोहनी में गंभीर चोट आई। इस दौरान अन्य टोल कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई और टोल प्लाजा की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
8-10 लोग थे शामिल
टोल प्लाजा के जनरल मैनेजर बी.पी. सिंह ने बताया कि पिकअप के साथ एक स्विफ्ट कार और बाइक भी थी, जिनमें सवार 8 से 10 लोगों ने मिलकर हमला किया।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की शिकायत पर कन्नौद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टोल कर्मचारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
