खबर डिजिटल/ न्यूज़ कटनी — भगवान बिरसा मुंडा के 150वें जन्मदिवस और जनजातीय गौरव दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की तैयारी की जा रही है। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन सोनी और बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा।
मध्यप्रदेश में भी इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिनमें जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान भी शामिल है। टण्डन ने बताया कि 11 नवंबर से प्रदेश के 24 जिलों में 47 जनजातीय गौरव यात्राएं निकाली गईं, जिनका समापन 15 नवंबर को होगा। कटनी के बड़वारा से यह यात्रा सांसद विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में निकली थी।विधायक धीरेंद्र सिंह ने बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने आदिवासी समाज को नई दिशा दी और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा किया।
इसलिए आज भी वे ‘धरती आबा’ के रूप में पूजनीय हैं।जिले में जनजातीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं—स्टूडेंट हॉस्टल, छात्रवृत्ति, आवास सहायता, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग, और जनमन योजनाओं—की भी जानकारी दी गई।15 नवंबर को ढीमरखेड़ा में भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली शामिल होंगे और जनजातीय गौरव यात्राओं के समापन को संबोधित करेंगे।


