धार, नावेद रजा/खबर डिजिटल/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन 17 सितंबर को धार जिले के भैंसोला में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। 2100 एकड़ में विकसित होने वाला यह मेगा पार्क 5F चेन—फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन—को एक ही परिसर में जोड़ने वाला देश का पहला पार्क होगा।इस परियोजना से धार, झाबुआ, आलीराजपुर और बड़वानी जिले के आदिवासी श्रमिकों व हुनरमंद महिलाओं सहित तीन लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।पार्क में प्लग एंड प्ले यूनिट्स, लॉजिस्टिक हब, वेयरहाउस और विशाल पार्किंग एरिया की सुविधा होगी। उद्योगों को तैयार शेड बिजली और पानी की सुविधा के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। सूक्ष्म और छोटे उद्योगों के लिए 81 प्लॉट तय किराए पर दिए जाएंगे।पार्क प्रतिदिन 150 मेगावाट बिजली की खपत करेगा, जिसमें 10 मेगावाट ऊर्जा सौर पैनलों से प्राप्त होगी। उद्योगों से निकलने वाले पानी का 24 घंटे ट्रीटमेंट कर 20 एमएलडी पानी परिसर की सफाई और पौधों में उपयोग किया जाएगा। श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए 3500 बेड का हॉस्टल, डॉरमैट्री, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, अस्पताल और पेट्रोल पंप जैसी सुविधाएं भी रहेंगी।धार को इस पार्क के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यहां से माल को झाबुआ–रतलाम होते हुए एक्सप्रेसवे के जरिये मुंबई के जेएनपीटी और गुजरात के कांडला पोर्ट तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही बदनावर–थांदला हाईवे और पीथमपुर–मऊ–नीमच हाईवे से भी बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी।मध्यप्रदेश के अलावा ऐसे पीएम मित्रा पार्क तमिलनाडु, तेलंगाना, गुजरात, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी बनाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर धार को मिलेगा बड़ा तोहफ़ा: 2100 एकड़ में बनेगा देश का पहला PM मित्रा पार्क
आदिवासी श्रमिकों और महिलाओं को मिलेगा प्राथमिकता से रोजगार
सम्बंधित ख़बरें


