उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ महाकाल थाना क्षेत्र में एक होटल में मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के साथ ठहरने का मामला सामने आया है। युवक ने होटल में पहचान छिपाने के लिए अपनी पत्नी का आधार कार्ड इस्तेमाल किया, जिसके बाद होटल संचालक के संदेह पर हिंदू संगठन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
आगर का रहने वाला है आरोपी
घटना शुक्रवार की है, जहां गधा पुलिया स्थित हकीमी होटल में आगर निवासी शाकिर हुसैन, पिता मेहराजउद्दीन मंसूरी, एक 30 वर्षीय हिंदू युवती के साथ पहुंचा था, शाकिर ने कमरा नंबर 153 लेने के लिए अपनी पत्नी रियाना मंसूरी का आधार कार्ड इस्तेमाल किया था।
होटल संचालक को हुआ था संदेश
होटल संचालक अली अजगर को युवक के व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने हिंदू जागरण मंच को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मंच के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अर्जुन सिंह भदौरिया अपने कार्यकर्ताओं और पुलिस के साथ होटल पहुंचे। इस दौरान मितेश खत्री, संजय विश्वकर्मा, कुलदीप लोहार और राहुल चंदेरी भी उपस्थित रहे।
महाकाल दर्शन का बनाया बहाना
हिंदू जागरण मंच के संयोजक रितेश माहेश्वरी ने बताया कि शाकिर पहले आगर के महाकाल अस्पताल में काम करता था, वहीं उसकी युवती से पहचान हुई थी। युवती की शादी हो चुकी है। शाकिर बड़ौद चौराहा पर लाइफलाइन मेडिकल स्टोर भी संचालित करता है। बताया गया कि युवती ने अपने परिवार को महाकाल दर्शन का बहाना बनाकर उज्जैन आने की बात कही थी। पहले उन्हें एक अन्य होटल में कमरा नहीं मिला, जिसके बाद वे हकीमी होटल पहुंचे।


