उज्जैन/कमलेश जाटवा/खबर डिजिटल/ इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतों के विरोध में शनिवार को उज्जैन के टावर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय उपवास रखकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर हुआ आयोजन
यह सामूहिक उपवास प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उज्जैन जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी में आयोजित किया गया। उपवास कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चला। प्रदर्शन के दौरान दूषित जल आपूर्ति और उससे हुई मौतों को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए।
राहुल गांधी के समर्थन में दिया गया संदेश
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर पहुंचकर दूषित पानी से प्रभावित मृतकों के परिजनों तथा अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी के समर्थन में उज्जैन में यह उपवास रखा गया, ताकि सरकार पर नैतिक दबाव बनाया जा सके।
संगठनों की रही व्यापक भागीदारी
उपवास में कांग्रेस नेता अजित सिंह, नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित जिला एवं शहर के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा सेवा दल, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, पार्षदगण, ब्लॉक अध्यक्ष, आईटी सेल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।


