उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ जिले के बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव की हालत बेहद गंभीर और पहचान से परे थी, जिससे प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस को रात करीब 2 बजे रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव के कई अंग अलग-अलग हो चुके थे। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई, लेकिन तत्काल मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिरसिंहपुर पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाली जा रही है। पहचान होते ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की पुष्टि के लिए जांच में जुटी हुई है।


