उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ जिले के अमरपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया। हाईवे पर स्थित बारदौआ पुलिया के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और मालवाहक डग्गी के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। इस टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि डग्गी के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक मलबे में तब्दील हो चुके केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया।

मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
हादसे में घायल चालक की पहचान भगवान दास बर्मन के रूप में हुई है। टक्कर के बाद वह वाहन की स्टेरिंग और बॉडी के बीच इस कदर दब गए थे कि उन्हें सामान्य तरीके से बाहर निकालना असंभव था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। अमरपुर चौकी पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई। काफी मशक्कत के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग किया गया और चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अमरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, डग्गी मानपुर की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक विपरीत दिशा से जा रहा था। पुलिया के पास दोनों की सीधी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।


