दमोह/ खबर डिजिटल/ जिले में मंगलवार रात दमोह-सागर रोड पर परसौरिया गांव के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी को निशाना बनाया। बदमाशों ने व्यापारी की बाइक को टक्कर मारकर गिराया और फिर कट्टा अड़ाकर करीब 7 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
वसूली कर लौट रहे थे व्यापारी
जानकारी के अनुसार, दमोह के किसान भवन के पास दुकान संचालित करने वाले प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी राजा सिंधी (राजकुमार नागदेव) का व्यापार गढ़ाकोटा तक फैला हुआ है। मंगलवार को वे बकाया पैसों की वसूली के लिए गढ़ाकोटा गए थे। रात में जब वे वसूली की बड़ी रकम लेकर अपनी बाइक से वापस दमोह लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया।
साजिश के तहत मारी टक्कर
परसौरिया गांव के समीप पहुंचते ही पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी की बाइक में जोरदार टक्कर मारी। संतुलन बिगड़ने के कारण राजा सिंधी सड़क पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में व्यापारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने उन पर कट्टा तान दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
पुलिस जांच और पुराना इतिहास
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने परिजनों और पुलिस को सूचित किया। डायल 112 की मदद से घायल व्यापारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सागर नाका चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी है। गौरतलब है कि यह उक्त व्यापारी पर पहला हमला नहीं है, उन पर पूर्व में भी जानलेवा हमला हो चुका है, जिससे पुलिस इस मामले में आपसी रंजिश के कोण से भी जांच कर रही है।


