खबर डिजिटल. उमरियापान.अंकित झारिया :- शारदेय नवरात्रि के अंतिम दिन मंगलवार को नगर सहित ग्रामीण अंचलों में देवी मंदिरों में बोए गए जवारों का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद चल समारोह निकालकर विसर्जन किया गया। अष्टमी और महानवमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मातारानी को आठें-अठवाई अर्पित कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। शाम होते ही नगर के विभिन्न देवी मंदिरों में बोए गए जवारों की पूजा के बाद विसर्जन के लिए भव्य चल समारोह निकाला गया।उमरियापान के बस्ती अंदर बड़ी माई मंदिर, चंडी माता मंदिर, कटरा बाजार, बस स्टैंड, झंडा चौक, कुदवारी मोहल्ला,डोली मोहल्ला, पटेल मोहल्ला में बोए गए जवारें नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए क्यूली तलैया और पुरैना तालाब तक पहुँचे, जहां पूजन-अर्चन के बाद जवारों का विसर्जन किया गया। चल समारोह में श्रद्धालु माता के गीतों पर झूमते-नाचते चलते रहे। कई भक्त मुंह में बाना छेदकर और जलते हुए खप्पर हाथों में लेकर जवारों के आगे-आगे नृत्य करते हुए चल रहे थे। सिर पर जवारा कलश रखी महिलाएं और युवतियां चल समारोह में शामिल रहीं। खप्पर लिए नाचती काली जवारा चल समारोह का मुख्य आकर्षण बनी। जवारा देखने उमरियापान सहित आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। नगर के मुख्य मार्गों पर उत्सव जैसा माहौल रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी दिनेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। ग्रामीण अंचलों में भी पारंपरिक विधि-विधान और चल समारोह के साथ जवारों का विसर्जन किया गया।
उमरियापान में श्रद्धा और उत्साह के साथ जवारों का विसर्जन….खप्पर लिए नाच रहीं थी काली, पंडा खेल रहे थे भाव,बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु,पुलिस बल रहा तैनात
SEO Title: उमरियापान में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ जवारों का विसर्जन, काली जवारा रहा आकर्षण
सम्बंधित ख़बरें


