Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशउमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात… कर्नल सोफिया...

उमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात… कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामला

मंत्री विजय शाह पर कार्रवाई की मांग

भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला एक बार फिर सियासी तूल पकड़ता नजर आ रहा है। मामले में अभियोजन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार और उचित कार्रवाई की मांग को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के समक्ष मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और मामले में उचित कदम उठाने की मांग की।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
मुलाकात के बाद कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो पार्टी लगातार देशभक्ति की बात करती है, उसके शासन में भारतीय सेना और देश की वीर बेटी का कथित अपमान करने वाले व्यक्ति को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई टिप्पणी को केवल एक महिला के अपमान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। पार्टी ने इसे भारतीय सेना, महिला सम्मान और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।

MP News: 70-75 विधायकों के टिकट पर संकट! बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति के बाद बड़ा सियासी संकेत

‘राजनीतिक संरक्षण नहीं, कानून के तहत हो कार्रवाई’
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि देश और भारतीय सेना के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। पार्टी का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति की टिप्पणी कानून के दायरे में आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से आग्रह किया कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन के प्रस्ताव पर दोबारा विचार किया जाए और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पहले भी गरमा चुका है मामला
कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर मंत्री विजय शाह की टिप्पणी पर मध्यप्रदेश की सियासत में पहले भी तीखी बयानबाजी हो चुकी है। कांग्रेस लगातार सरकार और बीजेपी संगठन पर कार्रवाई को लेकर दबाव बनाती रही है। अब कांग्रेस नेताओं की राज्यपाल से मुलाकात के बाद यह मुद्दा एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।

BREAKING NEWS: इंदौर नगर निगम उपचुनाव का बिगुल… खबर डिजिटल की खबर पर लगी मुहर

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट