Viral Girl Monalisa: खरगोन जिले की रहने वाली सोशल मीडिया पर चर्चित मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में मुस्लिम युवक से शादी के बाद उनसे परिवार का संपर्क टूट जाने की खबर सामने आई है। परिजनों का कहना है कि मोनालिसा के दोनों मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं, जिसके चलते वे चिंतित है।
शादी के बाद गायब मोनालिसा
मोनालिसा के परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से मोनालिसा से उनकी बातचीत नहीं हो पाई है। उसका अचानक फोन बंद हो जाने से घरवालों को उनकी चिंता सताने लगी है। मोनालिसा के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उसे तलाशने में मदद करने की अपील की है।
केरल के मंदिर में की थी शादी
आपको बता दें कि मोनालिसा ने केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी की थी। फरमान उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है और पेशे से मॉडल व अभिनेता हैं। मीडिया से बातचीत में मोनालिसा ने बताया था कि वह पिछले छह महीनों से फरमान को जानती थीं और दोनों के बीच रिश्ते के बाद शादी का फैसला लिया है।
पिता पर आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शादी के बाद मोनालिसा और फरमान ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि मोनालिसा के पिता उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध घर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे थे। मोनालिसा ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार ने फरमान के धर्म को लेकर उनके रिश्ते का विरोध किया और किसी अन्य व्यक्ति से विवाह करने का दबाव बनाया।
परिवार ने उठाए सवाल
इधर, मोनालिसा के रिश्तेदारों का कहना है कि युवती को बहकाकर या दबाव में यह शादी कराई गई हो सकती है। कुछ परिजनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए सरकार और प्रशासन से जांच की मांग की है।
महाकुंभ में वायरल हुई थी मोनालिसा
आपको यह भी बता दें कि महाकुंभ मेल के दौरान मोनालिसा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं, जिसके बाद वे इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई थीं। अब शादी और परिवार से संपर्क टूटने की खबर के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।


