सौरभ श्रीवास्तव/खबर डिजिटल/कटनी -विंग्स थिएटर द्वारा शासकीय हाई स्कूल बिजौरी, विकासखंड बड़वारा में एक रंगमंचीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विद्यालय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगमंच, अभिनय, गीत, संगीत एवं नृत्य के विभिन्न पहलुओं से स्वयं को परिचित कराया।कार्यशाला का संचालन विंग्स थिएटर के प्रमुख युवा रंगकर्मी, निर्देशक एवं अभिनेता श्री हिम्मत गोस्वामी के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को रंगमंच और फिल्म अभिनय की बारीकियों से अवगत कराते हुए कहा कि थिएटर केवल मंचीय कला नहीं, बल्कि यह जीवन को समझने का माध्यम है।श्री हिम्मत गोस्वामी ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकाग्रता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करना था। “थिएटर गेम्स” और “सीन वर्क” जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कई ऐसे अभ्यास कराए गए, जिनसे उनकी एकाग्रता और मानसिक शांति में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि थिएटर से जुड़कर विद्यार्थी न केवल अभिनय सीखते हैं बल्कि जीवन में अधिक अनुशासित और आत्मविश्वासी बनते हैं।इस कार्यशाला को सफल बनाने में इल्यूजन थिएटर भोपाल का विशेष सहयोग रहा। इसके साथ ही विद्यालय के प्राध्यापकगण और स्थानीय समाजसेवी — भाजपा मंडल महामंत्री पुष्पेंद्र पुरी गोस्वामी, हजारी साहू, पंकज गोस्वामी, प्रियांशु गोस्वामी आदि का भी सराहनीय योगदान रहा।अंत में श्री हिम्मत गोस्वामी ने सभी सहयोगियों, विद्यालय प्रबंधन और प्रतिभागियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और टीम भावना का विकास होता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
विंग्स थिएटर द्वारा बिजौरी हाई स्कूल में नाट्य कार्यशाला का सफल आयोजन — विद्यार्थियों ने सीखे अभिनय और जीवन के रंग
सम्बंधित ख़बरें


