भोपाल। जिले के मंगलवारा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का अंजाम बेहद खौफनाक रहा। एक महिला को उसके इंस्टा फ्रेंड ने न केवल ब्लैकमेल किया, बल्कि बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म भी किया।
अस्पताल से लौटते वक्त बिछाया जाल
टीला जमालपुर निवासी 29 वर्षीय महिला शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार का हाल जानकर घर लौट रही थी। इसी दौरान उसके इंस्टाग्राम फ्रेंड हारिस खान का फोन आया। हारिस ने महिला पर मिलने के लिए दबाव बनाया और मना करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी। बदनामी के डर से महिला मनोहर डेयरी के पीछे उससे मिलने पहुंच गई।
पति की हत्या की धमकी और दुष्कर्म
आरोपी हारिस ने वहां पहुंचते ही महिला को डराना शुरू कर दिया। उसने महिला के पति की हत्या की धमकी दी और पीड़िता को उसी के दोपहिया वाहन पर जबरन बैठाकर हमीदिया रोड स्थित एक होटल ले गया। वहां आरोपी ने महिला को करीब दो-तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान परिजन लगातार महिला को फोन करते रहे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। रात करीब 2:30 बजे जब वह घर पहुंची, तब परिजनों को आपबीती सुनाई।
गैंगरेप का दावा और पुलिस की कार्रवाई
शुरुआत में गुस्साए परिजनों ने थाने पहुंचकर गैंगरेप का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि चार युवकों ने कार से अगवा कर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस द्वारा दर्ज किए गए बयानों में महिला ने गैंगरेप की बात से इनकार किया और बताया कि आरोपी हारिस अकेला ही था। मामला मंगलवारा थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
आरोपी की तलाश जारी
मंगलवारा टीआई अजय सोनी के अनुसार, आरोपी हारिस खान डीआईजी बंगला इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


