सिवनी/विशाल भारद्वाज/खबर डिजिटल/ दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग सिवनी पहुंचा। इस विशालकाय शिवलिंग को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ पहुंची। विशेष जानकारी के मुताबिक, ये शिवलिंग 2 लाख 10 हजार किलो वजनी है और एक ही पत्थर से बनाया गया है। इसकी ऊंचाई 33 फीट है, यानी लगभग तीन मंजिला इमारत के बराबर। साथ ही, इस विशालकाय शिवलिंग में 1008 छोटे शिवलिंग भी बनाए गए हैं।
बिहार के चंपारण में होगा स्थापित
शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम जिले से बिहार के चंपारण जिले स्थित निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में लाया जा रहा है। इसके लिए 106 चक्का वाले विशेष ट्रक का इस्तेमाल किया गया और मार्ग में सड़कों व पुलों को विशेष रूप से मजबूत किया गया है।
रामायण काल की कहानी दर्शाएगा
श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार का शिवलिंग बहुत पवित्र माना जाता है। विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने के बाद यह शिवलिंग न केवल मंदिर की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि रामायण काल की पूरी कहानी भी दर्शाएगा। सोमवार की दोपहर यह छपारा पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। मंगलवार को यह अपने अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगा।


