सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत जय हिन्द चौक में चल रहे सीवरेज कार्य की अव्यवस्थाएं अब आम जनता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई हैं। सूत्रों के अनुसार सड़क के बीचो-बीच डाला गया मिट्टी का विशाल ढेर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहा है, जिससे वाहन चालकों, राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित एजेंसी द्वारा निर्माण कार्य शुरू किए बिना ही सड़क पर मिट्टी डाल दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन गई है। सड़क संकरी होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है, वहीं दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है।रहवासियों का कहना है कि मौके पर न तो किसी प्रकार के सुरक्षा संकेत लगाए गए हैं और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। दिनभर उड़ रही धूल से आसपास के दुकानदार और आम नागरिक भी परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभाग जनता की सुविधा की अनदेखी कर मनमाने ढंग से कार्य करा रहे हैं।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क से मिट्टी हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु की जाए और सीवरेज कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
सीवरेज कार्य की लापरवाही से जनता परेशान, जय हिन्द चौक पर सड़क बनी मुसीबत
सम्बंधित ख़बरें
