तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कॉरपोरेट जगत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक थरूर ने उस बयान का साथ दिया, जिसमें PM ने उद्योग जगत से कहा था कि घटे कॉरपोरेट टैक्स का फायदा कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा।
थरूर ने कहा कि PM की बात हकीकत है। उनके मुताबिक सरकार ने कंपनियों को निवेश, नौकरियां और वेतन बढ़ाने के लिए टैक्स में राहत दी थी, लेकिन कंपनियों ने अपना हिस्सा नहीं निभाया। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनियां अपनी सफाई दे सकती हैं।
FICCI में PM ने क्या कहा था?
PM मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में FICCI की सालाना आम बैठक में उद्योग जगत से कहा था कि वह रोजगार देने में अपनी भूमिका परखे। उन्होंने सवाल किया था कि टैक्स घटने के बाद क्या वेतन बढ़ा और नई भर्तियां हुईं। PM ने उद्योग से आगे के सुधारों पर सुझाव भी मांगे थे।
थरूर ने और क्या कहा?
थरूर ने कहा कि युवाओं के लिए नौकरी पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के मुताबिक पहली बार किसी IIT ग्रेजुएट को प्लेसमेंट नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि PM कंपनियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठा रहे हैं और कंपनियां सरकार की नीतियों पर, इसलिए इस बहस पर नजर रखनी चाहिए।
थरूर ने कहा कि सरकार नियमों को और आसान बना सकती है। उनके मुताबिक कारोबार में आसानी का दावा अभी हकीकत नहीं है। उन्होंने कहा कि उनसे बात करने वाले कारोबारियों के अनुसार भ्रष्टाचार पहले से ज्यादा है।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी ने PM के बयान को सरकार की अपनी नाकामी की स्वीकारोक्ति बताया है। उनका कहना है कि यह नौकरियां बढ़ाने और छोटे कारोबारों की मदद में सरकार की विफलता दिखाता है।









