लखनऊ/खबर डिजिटल/ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपने हालिया बयानों से पार्टी के अंदर राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है। सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी होने से पहले गुरुवार को उन्होंने अपने राजनीतिक सफर, मुलायम सिंह यादव के परिवार से रिश्तों और जेल में बिताए कठिन समय को लेकर कई अहम बातें कहीं। आजम खां ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी का आधा हिस्सा एक ही परिवार के लिए समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यादव के साथ करीब आधी सदी बिताई और अपनी अगली पीढ़ी को भी उनके परिवार के हवाले कर दिया।
जेल की तकलीफों को याद कर छलका दर्द
आजम खां ने जेल में बिताए साढ़े पांच साल के अनुभव साझा करते हुए वहां झेली गई परेशानियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जेल में रहने के दौरान वह अपने बेटे अब्दुल्ला से कहा करते थे कि उनका दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी एक बार जेल आएं, ताकि उन्हें वहां की परिस्थितियों और तकलीफों का वास्तविक एहसास हो सके। आजम ने कहा कि जेल में उनके साथ जिस तरह का बर्ताव और जुल्म हुआ, उससे कोई कमजोर व्यक्ति टूट जाता।
अखिलेश यादव को लेकर कही यह बात
सपा नेता ने अखिलेश यादव के प्रति अपना आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो अखिलेश उन्हें माफ कर देंगे। उनके इस बयान को पार्टी के भीतर रिश्तों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
चुनावी घोषणापत्र पर भी दिया संकेत
समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र को लेकर आजम खां ने कहा कि इसमें जो बातें लिखी गई हैं, उनके अलावा भी बहुत कुछ होगा। उनके इस बयान के बाद पार्टी के राजनीतिक रुख और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।









