अरविंद तिवारी, रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत हमीदिया कॉलोनी से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बारात के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे की ध्वनि कम कराने की अपील करना सेवानिवृत्त तहसीलदार आर.बी. शर्मा के परिवार के लिए परेशानी का सबब बन गया। आरोप है कि विरोध से नाराज बारातियों ने न केवल डीजे बंद नहीं किया, बल्कि आक्रोशित होकर सीधे पूर्व तहसीलदार के आवास में जा घुसे और वहां जमकर तोड़फोड़ की।


परिवार को दी जान से मारने की धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के अनुसार, मिलन वाटिका की ओर जा रही बारात का डीजे बेहद तेज गति और उच्च डेसीबल में बज रहा था, जिससे आसपास के रहवासियों को खासी परेशानी हो रही थी। इसी को लेकर पूर्व तहसीलदार ने आवाज धीमी करने की बात कही थी। आरोप है कि इस सामान्य से आग्रह पर कुछ बाराती भड़क उठे और गाली-गलौज करते हुए घर के भीतर प्रवेश कर गए। इस दौरान घर के सामान को नुकसान पहुंचाया गया तथा परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कॉलोनी के लोगों में दहशत और आक्रोश फैल गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तोड़फोड़ और धमकी देने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
नियमों की अनदेखी पर उठते सवाल
यह घटना एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण और तेज डीजे के संचालन को लेकर प्रशासनिक सख्ती की जरूरत पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आयोजनों के दौरान नियमों की अनदेखी आम होती जा रही है, जिससे आम लोगों की शांति भंग होती है।









