राकेश यादव, सिवनी। जिले के केवलारी क्षेत्र में संजय सरोवर परियोजना के भीमगढ़ बांध की मुख्य नहर क्षतिग्रस्त होकर फूट गई। बंदेली गांव के पास हुई इस घटना से बड़ी मात्रा में नहर का पानी बहकर बर्बाद हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली और नहर के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य नहर में पानी छोड़े जाने के दौरान बंदेली के पास नहर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पानी तेजी से बाहर बहने लगा। नहर टूटने से पानी की बर्बादी के साथ आसपास के किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
इस मामले में केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह और स्थानीय किसानों ने भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। किसानों का सवाल है कि जब नहर से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाना था, तो उससे पहले नहर की समुचित जांच और मरम्मत क्यों नहीं कराई गई?
गौरतलब है कि जिले में कम बारिश के चलते किसानों को कम पानी की आवश्यकता वाली फसलें लगाने और सिंचाई में पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। ऐसे समय में सिंचाई की मुख्य नहर से बड़ी मात्रा में पानी का बह जाना विभागीय व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नहर की मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों ने समय रहते आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए? क्या इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?
फिलहाल इस घटना ने जल संसाधन विभाग की नहरों के रखरखाव और जल प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









