भोपाल/खबर डिजिटल/ सीएम मोहन यादव गोवर्धन पूजा (9नवंबर)को गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कृत करेंगे। यह कार्यक्रम पशुपालन, डेयरी विभाग तथा संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल के रवीन्द्र भवन में दोपहर 12:30 बजे से राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव सांकेतिक रूप से 10 विजयी पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पंजीकृत गौशालाओं को 65 करोड़ रुपये की अनुदान
मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्यप्रदेश की 3 से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए सितंबर माह की 65 करोड़ रुपये की अनुदान राशि डीबीटी से अंतरित करेंगे।
प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण, संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। गौशालाओं को अनुदान उपलब्ध कराने के साथ ही उनके संचालन, प्रबंधन और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा रहा है,जिससे गोवंश को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।
पशुपालकों को मिलेंगे 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने, देशी उन्नत नस्ल की गायों के पालन एवं संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के चयनित 208 वृंदावन ग्रामों में 27 से 31 अक्टूबर तक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना अंतर्गत प्रतियोगिता कराई गई थी। प्रतियोगिता में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली गायों के पशुपालकों का चयन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इन उत्कृष्ट पशुपालकों को 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत करेंगे।
योजना अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं के बैंक खातों में पुरस्कार राशि एकमुश्त डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
कार्यक्रम में ये होंगे शामिल
राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री एवं नगर निगम भोपाल अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहेंगे।









